Narendra Modi आज देंगे दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात — Dehradun में 12 किमी का रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात देंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री देहरादून में 12 किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे और मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कई जगहों पर यातायात रूट डायवर्ट किया गया है। दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर बनने से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच यात्रा आसान और तेज हो जाएगी। इस परियोजना की कुल लागत करीब 11,963 करोड़ रुपये बताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस कॉरिडोर से तीनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम पर डालें नजर
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम सुबह करीब 10:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने से शुरू होगा। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से सहारनपुर के गणेशपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे एलिवेटेड कॉरिडोर के व्यू प्वाइंट का निरीक्षण करेंगे, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए कार से मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रह सकते हैं। डाट काली मंदिर में प्रधानमंत्री करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे। यहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मंदिर से शहीद जसवंत सिंह मैदान तक प्रधानमंत्री का 12 किलोमीटर लंबा रोड शो निकलेगा। रोड शो के दौरान रास्ते में कई जगहों पर भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग फूल बरसाकर उनका स्वागत करेंगे।
12:30 बजे प्रधानमंत्री जनसभा स्थल पहुंचेंगे
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रधानमंत्री जनसभा स्थल पहुंचेंगे, जहां से वे दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर के कई हिस्सों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तैनात की गई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर यातायात का रूट बदला गया है और रैली में आने वाली बसों की पार्किंग भी दूर रखी गई है। पुलिस ने शहर के होटल और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों का भी सत्यापन किया है।
वन विभाग ने ‘गुलेल टीम’ तैनात की
वन विभाग ने भी कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए खास व्यवस्था की है। मां डाट काली मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में बंदर होने के कारण वन विभाग ने ‘गुलेल टीम’ तैनात की है। वनकर्मी गुलेल की मदद से बंदरों को सड़क से दूर रखेंगे ताकि प्रधानमंत्री के काफिले या कार्यक्रम में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे बनने से उत्तराखंड में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राज्य की कनेक्टिविटी भी काफी बेहतर होगी। प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

पंचायत सचिव के निलंबन के निर्देश : सीईओ ने विकास कार्यों का लिया जायजा
नवा रायपुर में जनसैलाब के बीच गरिमामय वातावरण में मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती
महिलाओं की राजनीतिक सहभागिता और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को मिलेंगी नई ऊंचाइयां : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
संविधान निर्माता होने के साथ नए भारत के निर्माता भी हैं बाबा साहेब : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बाबा साहेब की जयंती पर विजयनगर को मिली विकास की सौगात