लखनऊ में बड़ा हादसा, फीनिक्स मॉल के पास सब्जी मंडी में लगी आग
लखनऊ|कृष्णानगर में फीनिक्स मॉल के पास स्थित बाराबिरवा सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार रात आग लग गई। इसमें 26 दुकानें जलकर राख हो गईं। फास्ट फूड की दुकान में रखा गैस सिलिंडर फटने से भगदड़ मच गई। दमकल की 12 गाड़ियां तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकीं। एक दुकानदार समाना निकालते समय मामूली रूप झुलस गया।
बाराबिरवा सब्जी मंडी में करीब दो सौ दुकानें हैं। रात करीब दस बजे राम गोपाल की फल की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। थोड़ी ही देर में विकराल हुई लपटों ने 25 और दुकानों को चपेट में ले लिया। सूचना पर एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा, सीएफओ अंकुश मित्तल और एफएसओ धर्मपाल सिंह मौके पर पहुंचे। आलमबाग फायर स्टेशन से पहुंची तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया, लेकिन लपटें और विकारल हो गईं। इस पर सीएफओ ने दमकल की और गाड़ियां मंगवाईं।
दुकानों की टीन तोड़कर बुझाई गई आग
धुएं के कारण सांस लेने में मुश्किल होने पर दमकलकर्मियों को वीआर सेट पहनना पड़ा। आग बुझाने के लिए क्रेन से दुकानों की टीन तोड़नी पड़ी। करीब एक बजे तक आग बुझा ली गई। इस बीच पुलिस ने कानपुर रोड से फीनिक्स मॉल जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया। इससे लंबा जाम लग गया।
फटा सिलिंडर तो पुलिस ने खाली कराईं दुकानें
कृष्णानगर में फीनिक्स मॉल के पास स्थित सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार रात आग लग गई। 26 दुकानों के आग के चपेट में आने से कृष्णानगर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आस-पास की दुकानों को खाली कराना शुरू किया। दमकल कर्मी चार टीमों में बंटे गए। चारों तरफ से मंडी को घेर कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। मगर आग और विकराल होती चली गईं। इस बीच मंडी में ही सायरा की फास्ट फूड दुकान में रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। लोग इधर-उधर भागने लगे।
कपड़े की दुकान जलते देख फफक पड़े देवी शंकर
आग की सूचना पर जब देवी शंकर राजपूत बेटे दुर्गेश के साथ मौके पर पहुंचे तो मंडी में जलती अपनी कपड़े की दुकान को देखकर फफक पड़े। वहीं दुर्गेश बेहोश हो गए। किसी तरह से लोगों ने उन्हें और देवीशंकर को संभाला। उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। आनन-फानन दुर्गेश को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
डर के कारण लोगों घरों से भागे
घटना के कारण सब्जी मंडी के पास स्थित संभल खेड़ा गांव में रह लोग भय के चलते अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझा कर उन्हें शांत कराया। सीएफओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट आया है। कल तफ्तीश की जाएगाी।
इनकी दुकानें जलीं
हादसे में राम गोपाल की फल की दुकान, देवी शंकर राजपूत और इनके बेटे दुर्गेश की कपड़े की, सायरा की फास्ट फूड, शिवम बाजपेयी की कपड़े, वीरेंद्र की किराना की, सूरज तिवारी, विकास की खाने पीने व 18 अन्य लोगों की दुकानें जल गईं।

डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
पहलगाम बरसी से पहले सख्त चेतावनी, इंडियन आर्मी का कड़ा रुख
Madhya Pradesh High Court सख्त: इंदौर ट्रैफिक पर मांगा जवाब
मन्नत पूरी, फिर मातम: मंदिर से लौटते समय हादसे में महिला की मौत
हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करता है कच्चा प्याज