मालापाट (सिवनी मालवा)। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य कल्याण एवं सुधार हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत आज शासकीय उ.मा. विद्यालय मालापाट में सत्र का आयोजन हुआ। अतिथि वक्ता के रूप में जनमंगल संस्थान की ओर से उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई शामिल हुए। ईश्वर विश्नोई ने विद्यार्थियों को किशोर अवस्था एवं इसमें होने वाले परिवर्तनों पर चर्चा की। आरकेएसके की प्राथमिकताएं बताते हुए पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति पर विस्तार से समझाया। किशोरों के लिए वर्णित जीवन कौशल के सभी बिंदुओं को अपनाकर सही दिशा में कार्य करने, व्यक्तित्व का विकास करने एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही उमंग हेल्पलाइन, टेली मानस हेल्पलाइन, मनहित एप, जस्ट आस्क चैटबाट की महत्ता बताकर इनके प्रयोग संबंधी जानकारी दी।

जन अभियान परिषद के विखं समन्वयक हरिदास दायमा ने गीता जयंती के उपलक्ष्य में गीता के सार को समझाया। शिक्षा, संस्कार, स्वच्छता एवं नशामुक्ति का महत्व बताया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। विद्यालय एवं शिक्षकों को गीताजी भी भेंट की‌।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य शिवानी अमैय्या, उमंग प्रभारी नीमवती पंडोले, सुखराम अहिरवार, शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्राचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यार्थियों के जीवन स्तर को सुधारने हेतु हर संभव प्रयास करने की बात कही।